जिले में धान खरीदी शुरू, कलेक्टर ने किया निरीक्षण:किसान से करवाई शुरुआत, सुविधाओं का लिया जायजा

जिले में सोमवार से धान खरीदी का कार्य शुरू हो गया है। पहले दिन कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने मलारा स्थित बहुउद्देश्यीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति के धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने केंद्र पर उपलब्ध संसाधनों, तौल व्यवस्था, बारदाना, रिकॉर्ड संधारण और किसानों को दी जा रही सुविधाओं का विस्तृत अवलोकन किया। केंद्र पहुंचने पर कलेक्टर ने धान लेकर आए किसानों का शाल और श्रीफल भेंट कर स्वागत किया। किसानों ने भी पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। कलेक्टर ने किसान मोहिनी उपाध्याय से तुलाई कार्य का औपचारिक शुभारंभ करवाया। उन्होंने किसान मदनलाल सिंगौर, अम्बिका वाजपेयी और मोहिनी उपाध्याय से बातचीत भी की। इस वर्ष जिले में कुल 57 खरीदी केंद्र बनाए गए हैं, जबकि 12 नए केंद्रों के प्रस्ताव भेजे गए हैं। पिछले वर्ष जिले में 20 लाख क्विंटल धान की खरीदी की गई थी। खरीदी केंद्रों पर बारदाने, तौल कांटे, पंखे और अन्य मशीनरी सहित किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। इस अवसर पर एसडीएम सोनल सिडाम, कृषि उप संचालक अश्विनी झारिया, डीएसओ संत भलावी, जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक एनके कोरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *