जिले में सिंध नदी बिछौली रेत खदान पर भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने शनिवार शाम 7:15 बजे छापामार कार्रवाई की। यहां हो रहे अवैध उत्खनन को रोककर मौके से एक जेसीबी जब्त की। दरअसल, कलेक्टर को शाम करीब 6:00 बजे सूचना मिली थी कि बिछौली रेत खदान पर अवैध उत्खनन हो रहा है। जेसीबी से रेत को निकाल कर डंप किया जा रहा है। इस पर कलेक्टर श्रीवास्तव पर्सनल सुरक्षा गार्ड्स के साथ शाम 7:00 बजे के करीब बिछौली पहुंच गए। उन्होंने मौके पर रेत को नदी के तीर से निकलते हुए पकड़ लिया। जेसीबी छोड़ भाग गए बदमाश
कलेक्टर को मौके पर देख रेत माफिया में हड़कंप मच गए और वह जेसीबी को छोड़कर मौके से भाग खड़े हुए। खबर लिखी जाने तक कलेक्टर मौके पर थे और उन्होंने माइनिंग विभाग के अफसरों और रौन थाना पुलिस को सूचना दी। रौन पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। वहीं भिंड से माइनिंग विभाग के अफसर भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं। कलेक्टर श्रीवास्तव ने कहा कि एक जेसीबी रेत का अवैध उत्खनन करते हुए पकड़ी गई है। जबकि पूर्व में रेत खदान से 1 किलोमीटर परिधि में जेसीबी लोडर जैसे वाहनों को प्रतिबंधित हैं। इसलिए जेसीबी को जब्त किए जाने की कार्रवाई की जा रही है।


