बच्चों ने सड़क सुरक्षा पर जागरूकता रैली निकाली

भास्कर न्यूज|जामताड़ा लोगों में जागरूकता लाने हेतु स्कूली बच्चों के द्वारा साइबर थाना जामताड़ा से बस स्टैंड जामताड़ा तक जागरूकता रैली निकाली गई। उपायुक्त कुमुद सहाय ने अधिकारियों संग राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर जिला परिवहन कार्यालय, जामताड़ा के सौजन्य से सड़क दुर्घटनाओं को रोकने, यातायात नियमों का पालन कराने हेतु निकाली गई रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान आगे आगे सड़क सुरक्षा जागरूकता वाहन के साथ स्कूली बच्चों ने स्लोगन लिखे तख्तियों के साथ जागरूकता फैलाया। मौके पर उपायुक्त कुमुद सहाय ने सभी जिलेवासियों से अपील कर कहा कि सड़क सुरक्षा के नियमों का अक्षरशः पालन करें। अगर दोपहिया वाहन चलाते हैं तो हेलमेट जरूर पहने एवं चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट जरूर लगाएं। वाहन चलाते समय नशा न करें, रैश ड्राइविंग न करें। उन्होंने कहा कि अधिकतर सड़क हादसे लापरवाही से होते हैं, आप सभी लोग यह समझें कि जीवन अनमोल है, जागरूकता और सावधानी ही बचाव है। उन्होंने सभी से सड़क दुर्घटना में कमी लाने के लिए नियमों का पालन करने का अपील किया। वहीं जिला परिवहन पदाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि उक्त कार्यक्रम के दौरान जिले में पूरे महीने 01 से 31 जनवरी तक सड़क सुरक्षा को लेकर विभिन्न गतिविधियां एवं कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के दृष्टिगत परिवहन व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले, तेज गति से गाड़ी चलाने वाले, गलत दिशा में गाड़ी चलाने वाले, दोपहिया वाहन एवं चारपहिया वाहन चालकों द्वारा सुरक्षा उपकरणों का उपयोग न करने के विरुद्ध अभियान चलाया जाएगा। मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी मनोज कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता ओम प्रकाश मंडल, पुलिस उपाधीक्षक संजय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं सड़क सुरक्षा टीम के कर्मियों में तौसीफ जलीली, सतीश कुमार सिंह, माज आलम के अलावा अन्य मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *