धनबाद नगर निगम के खिलाफ विधायक राज सिन्हा का अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। यह धरना जिले की जर्जर सड़कों के निर्माण की लंबे समय से लंबित मांग को लेकर नगर निगम कार्यालय के सामने दिया जा रहा है। धरना स्थल पर विधायक राज सिन्हा अपने समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद हैं। विधायक ने स्पष्ट चेतावनी दी थी कि यदि 48 घंटे के भीतर उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे नगर निगम कार्यालय के समक्ष धरना देने को बाध्य होंगे। मंगलवार को धरने के दूसरे दिन तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल धरना स्थल पर पहुंचा। इस प्रतिनिधिमंडल में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम सिन्हा, पूर्व विधायक अपर्णा सेन गुप्ता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि जिले की जर्जर सड़कों की भयावह स्थिति और अन्य कई मांगों को लेकर विधायक राज सिन्हा को यह कदम उठाना पड़ा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस मामले पर कार्रवाई नहीं की जाती है, तो पार्टी और भी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसमें सभी विधायक राज सिन्हा के साथ खड़े रहेंगे।


