प्राथमिक उपचार प्रतियोगिता में चिरमिरी ओसीपी रहा विजेता

भास्कर न्यूज | चिरमिरी महात्मा गांधी स्टेडियम में आयोजित अंतर-उपक्षेत्रीय प्राथमिक उपचार प्रतियोगिता का समापन हुआ। प्रतियोगिता का उद्देश्य खदानों में दुर्घटना के समय कर्मचारियों को प्राथमिक इलाज के लिए प्रशिक्षित और जागरूक करना था। प्रतियोगिता में ओपन कास्ट चिरमिरी, एनसीपीएच, कुरासिया कॉलरी, रानी अटारी, रीजनल हॉस्पिटल सहित कुल सात टीमों ने हिस्सा लिया। ओवरऑल वर्ग में चिरमिरी ओसीपी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि रानी अटारी की टीम उपविजेता बनी। इस दौरान स्ट्रेचर ड्रिल, मार्चपास्ट, मॉडल प्रदर्शन और प्राथमिक उपचार से संबंधित महत्वपूर्ण स्पर्धाएं आयोजित की गईं। मुख्य अतिथि जीएम अशोक कुमार ने कहा कि कार्यस्थल पर सहयोगी कर्मचारी ही वास्तविक परिवार होते हैं, और संकट की घड़ी में प्राथमिक इलाज का कौशल किसी की जान बचाने के लिए संजीवनी साबित होता है। उन्होंने दक्ष लोगों को जीवन रक्षक बताया। उप क्षेत्र प्रबंधक मनीष कुमार ने कहा कि प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण हर कर्मचारी के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसी प्रतियोगिताएं कर्मचारियों को वास्तविक परिस्थितियों से निपटने का आत्मविश्वास देती हैं। जीएम ने कहा कि आने वाले वर्षों में भी ऐसी भागीदारी बनी रहनी चाहिए। चिकित्सक डॉ. नीना आपरा ने सीपीआर की प्रक्रिया का प्रदर्शन करते हुए बताया कि हृदय या फेफड़े बंद होने की स्थिति में यह प्रक्रिया मरीज की जान बचाने में महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के अंत में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली इकाइयों और खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। बेस्ट कैप्टन अवधेश सिंह, बेस्ट स्ट्रेचर ड्रिल कुरासिया कॉलरी, टीम ए में बेस्ट मेंबर राजकुमार चौधरी, टीम ए में बेस्ट कैप्टन अजय गुप्ता और टीम ए में बेस्ट स्टेटस ड्रिल चिरमिरी ओसीपी शामिल है। कार्यक्रम के निर्णायक मंडल में वरिष्ठ चिकित्सकों की एक टीम शामिल थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *