किन्नौर की 8 पंचायतों के लिए 96.12 करोड़ स्वीकृत:प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत संपर्क मार्गों को मिलेगी नई पहचान

किन्नौर जिले की आठ पंचायतों में संपर्क सड़कों के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 96 करोड़ 12 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। यह जानकारी पूर्व वन निगम उपाध्यक्ष सूरत नेगी ने रिकांगपिओ में आयोजित एक पत्रकारवार्ता के दौरान दी। इस अवसर पर उनके साथ किन्नौर भाजपा प्रवक्ता महेश नेगी, कोषाध्यक्ष भूपेंद्र नेगी, पूह मंडल महामंत्री कृपाल नेगी और एसटी मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रताप लोकट्स भी उपस्थित थे। नेगी ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत यह राशि किन्नौर के विकास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इस बड़ी योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और सांसद कंगना रनौत का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से सांसद कंगना रनौत की भूमिका को सराहा, जिनके सुझाव पर यह प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया था। प्रेस वार्ता में क्या बोले-पूर्व वन निगम उपाध्यक्ष विकास कार्य ठप हैं: पत्रकारवार्ता में सूरत नेगी ने प्रदेश सरकार के तीन साल के कार्यकाल पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस अवधि में विकास कार्य पूरी तरह से ठप हैं और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में किन्नौर में शुरू किए गए कई विकास कार्यों को भी बंद कर दिया गया है। भ्रष्टाचार बढ़ा है: नेगी ने यह भी दावा किया कि जिले में भ्रष्टाचार का माहौल है और ठेकेदारी प्रथा हावी है, जिससे विकास बाधित हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा विपक्ष में होने के बावजूद किन्नौर के विकास के लिए चिंतित है और उसने केंद्र सरकार को कई योजनाओं के प्रस्ताव भेजे हैं। नई सड़कों का प्रस्ताव भेजे गए हैं: उन्होंने बताया कि सांसद कंगना रनौत के सुझाव पर किन्नौर जिले के लिए सड़कों और अन्य कई योजनाओं के प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजे गए हैं। इसके अतिरिक्त, केंद्र सरकार ‘वाइब्रेंट विलेज’ कार्यक्रम के तहत किन्नौर जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों को विकसित करने का भी प्रयास कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *