रायसेन आबकारी विभाग ने सांची के गुलगांव सहित 4 स्थानों पर मंगलवार को कार्रवाई की है। विभाग ने दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध हाथ भट्टी कच्ची शराब और महुआ लाहन जब्त किया। जब्त की गई सामग्री का अनुमानित मूल्य 4 लाख 68 हजार रुपए बताया गया है। संयुक्त टीम ने गुलगांव, कालापीला, आमखेड़ा और राजीवनगर में मुखबिर की सूचना पर छापेमारी की। इस दौरान 90 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब और 4500 किलोग्राम महुआ-गुड़ लाहन बरामद हुआ। जब्त किए गए लाहन का नमूना लेकर उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। आबकारी विभाग ने मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34-1 के तहत कुल 7 केस दर्ज किए हैं। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि छह अन्य आरोपी फरार होने में सफल रहे।


