कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग के गर्भवती होने के मामले से स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश है। इस घटना के विरोध में मंगलवार को क्षेत्रीय ग्रामीणों ने तहसीलदार को कलेक्टर और एसपी के नाम एक ज्ञापन दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। नाबालिग से रेप के मामले की निष्पक्ष जांच हो ज्ञापन देने आए राघवेंद्र सिंह और अवध यादव ने बताया कि बड़वारा पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में अब तक केवल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होने पर रेत कंपनी के अन्य कर्मचारियों की संलिप्तता भी सामने आ सकती है। ग्रामीणों ने ज्ञापन में क्षेत्र में संचालित धनलक्ष्मी रेत कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राघवेंद्र सिंह और अवध यादव ने बताया कि यह रेत कंपनी कथित तौर पर क्षेत्र में अवैध रूप से रेत का खनन कर रही है। उनके अनुसार, क्षेत्र में ग्रामीणों के साथ मारपीट करना और उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कराना आम बात हो गई है। संलिप्त कर्मचारियों को गिरफ्तार करने की मांग हाल ही में कंपनी के कर्मचारियों ने एक नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म जैसी घटना को अंजाम दिया। ग्रामीणों ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी संलिप्त कर्मचारियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में संचालित सभी निजी कंपनियों, विशेष रूप से रेत कंपनी, में कार्यरत दूसरे जिलों के कर्मचारियों का तत्काल पुलिस सत्यापन कराया जाए, ताकि आपराधिक प्रवृत्ति के लोग क्षेत्र में ऐसी घटनाओं को अंजाम न दे सकें। आंदोलन की चेतावनी ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग एक सप्ताह के भीतर पूरी नहीं की जाती हैं, तो कड़ा विरोध किया जाएगा। सड़कों पर उतरकर क्षेत्रीय ग्रामीणों के साथ मिलकर धरना एवं आंदोलन विरोध प्रदर्शन करेंगे। मामले में तहसीलदार ऋषि गौतम ने बताया- ग्रामीणों ने ज्ञापन दिया है, जिसमें रेत और अन्य कंपनियों के कर्मचारियों के पुलिस सत्यापन की मांग के साथ-साथ अन्य मांगे रखी हैं। इस ज्ञापन को उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


