सतना के ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में संचालित एक फाइनेंशियल इंटरप्राइजेज कंपनी के मैनेजर शिवमोहन सिंह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक ने एक सुसाइड नोट लिखा है। नोट में उसने अपनी मौत का जिम्मेदार एक लड़की को बताया है। मैनेजर ने अपने पिता से माफी मांगते हुए लिखा “सॉरी पापा लड़की ने मेरी फीलिंग के साथ खिलवाड़ किया है। उसकी वजह से मै कुछ सोच नहीं पा रहा हूं।” इसके अलावा सुसाइड नोट में लड़की के लिए गाली भी लिखी है। मृतक के चाचा शिवेंद्र सिंह ने बताया कि घर में कभी कोई परेशानी नहीं बताई। पैसे की भी कोई दिक्कत नहीं थी। परिवार में कोई समस्या नहीं थी। लड़की के बारे में कभी परिवारवालों को नहीं दी। मफलर से बनाया फंदा
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से रीवा जिले के सगरा देवतालाब निवासी 26 वर्षीय शिवमोहन सिंह सतना में एक फाइनेंस कंपनी संचालित करते थे। सोमवार दोपहर करीब 2 बजे वे अपने चेंबर में गए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। शाम लगभग 7 बजे जब कर्मचारी वहां पहुंचे, तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। शिवमोहन का फोन भी बंद था, जिससे कर्मचारियों की चिंता बढ़ गई। कर्मचारियों ने तुरंत पास में ही रहने वाले शिवमोहन के मामा को सूचना दी। मामा के पहुंचने पर दरवाजा तोड़ा गया, जहां शिवमोहन मफलर से बने फंदे पर लटके मिले। सुसाइड नोट में यह लिखा मेरे अच्छे पिताजी। मैं आपका अच्छा बेटा नहीं बन पाया। हमेशा से बनना चाहता था। आजतक मैंने आप सभी के लिए कुछ नहीं किया क्योंकि अकेलेपन के कारण मैंने शराब पीना शुरू कर दिया था। मैं अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रहा हूं। इसमें किसी का कोई दोष नहीं है। स्वाति (पत्नी) की दूसरी शादी करा देना। PLEASE गोलू की SCOOTY छुड़वा लेना मैंने उसे गिरवी रख दिया। इसके बार में लड़की से पूछ लेना वो बताएगी। I AM SO SORRY PAPA मैं आपसे बहुत प्यार करता हूं। मगर यहां जिस पर भरोसा करो वही धोखा देता है। मेरे मरने के बाद वह सभी अंग दान कर देना जो काम आ सकते हैं। मेरी मौत की जिम्मेदार वह लड़की है। उसने मेरी फीलिंग्स के साथ बहुत खिलबाड़ किया है। लड़की कि वह से मैं कुछ सोच नहीं पा रहा हूं। सुसाइड नोट में अंग दान की भी बात
तत्काल कोलगवां पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और पंचनामा तैयार करने के बाद उसे मर्चुरी भेजा। सुसाइड नोट में शिवमोहन ने अपने अंग दान करने की बात भी लिखी है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट में निजी समस्याओं का जिक्र है। हालांकि सुसाइड नोट में लिखी बातों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। सतना में अकेले रहता था शिवमोहन
शिवमोहन ने एक साल पहले ही फाइनेंस कंपनी की सतना ब्रांच में मैनेजर के पद पर जॉइन किया था। पिछले 15 दिनों से अकेले ही ब्रांच संभाल रहा था। साथी कर्मचारी नौकरी छोड़ चुके थे। सतना में किराए के मकान में अकेले ही रहता था। परिवार देवतालाब रीवा में रहता है। पुलिस ने परिवार के बयान लिए
कोलगवां टीआई सुदीप सोनी ने बताया कि परिवार के बयान लेकर सुसाइड नोट की जांच की जा रही है। उसमें जिस लड़की का जिक्र किया गया है और जो मोबाइल नंबर लिखा गया है उसके आधार पर आगे की जांच की जा रही है। ये भी पढ़ें… रतलाम में स्कूल की रेलिंग पर लटका मिला युवक का शव रतलाम के रावटी में मंगलवार सुबह एक युवक का शव बंद पड़े सीएम राइज स्कूल की बाउंड्रीवॉल की रेलिंग से लटका मिला। मृतक की पहचान 28 वर्षीय भानूप्रताप सिंह राठौर के रूप में हुई है। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पढ़ें पूरी खबर…


