चूरू में बिजली पोल से टकराई स्कॉर्पियो:पोल व ट्रांसफॉर्मर टूटकर नीचे गिरे, पुलिस ने मौके से 3 युवकों को किया गिरफ्तार

चूरू शहर के शहीद स्मारक के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी ने बिजली के पोल को टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रांसफॉर्मर भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर हेड कॉन्स्टेबल सुभाषचंद्र पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि वाहन क्षतिग्रस्त अवस्था में खड़ा था और पास में बिजली का पोल व ट्रांसफॉर्मर टूटे पड़े थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बिजली विभाग को सूचित कर तुरंत विद्युत आपूर्ति बंद करवाई गई। हेड कॉन्स्टेबल सुभाषचंद्र ने बताया कि हादसे के बाद स्कॉर्पियो में सवार तीन युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस दल ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान तीनों युवक आक्रोशित हो गए और पुलिस से उलझते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। उन्होंने राहगीरों से भी झगड़ा किया और जान से मारने की धमकियां दीं। कई बार समझाने पर भी वे शांत नहीं हुए, जिसके बाद पुलिस ने तीनों युवकों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान राजगढ़ के महलाना निवासी सुधीर (19), कमल (19) और धांगड़ा गांव निवासी कपिल कुमार (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन को क्रेन की सहायता से थाने पहुंचाया। तीनों युवकों को बीएनएसएस की धाराओं के तहत गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *