डूंगरपुर से कांग्रेस विधायक ओर जिलाध्यक्ष गणेश घोघरा के साथ ही समर्थकों का पड़ाव 9 दिन से जारी है। मंगलवार को महिला कांग्रेस कार्यकर्ता पड़ाव में पहुंची और प्रदर्शन किया। इस दौरा महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्री गेट को धक्का देकर घुसने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने रोक लिया। महिला कांग्रेस ने सरकार पर रोजगार नहीं देने और भुगतान नहीं करने के आरोप लगाए। मनरेगा योजना में काम की स्वीकृतियां जारी करने, बकाया भुगतान देने ओर फसल खराबे का मुआवजा देने समेत कई मांगों को लेकर कांग्रेस विधायक गणेश घोघरा ने 9 दिनों से कलेक्ट्री पर पड़ाव डाला है। पड़ाव में रोजाना जिला, ब्लॉक ओर कई पंचायतों से कांग्रेस कार्यकर्ता और लोग जुट रहे है। आज महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रेखा के नेतृत्व में महिलाएं कलेक्ट्री पड़ाव पर इकट्ठी हुई। महिलाओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महिलाओं ने कहा कि 9 दिनों से सरकार के सामने अपनी मांगों को लेकर पड़ाव कर रहे हैं, लेकिन सरकार लोगों को बात को अनसुना कर रही है। सरकार न तो मनरेगा योजना में काम दे रही है और न ही बकाया भुगतान किया जा रहा है। किसान भी परेशान हो चुका है। पहले अतिवृष्टि ओर फिर बेमौसम बारिश से फसलें खराब हो गई और किसान आर्थिक संकट से गुजर रहा है। अब किसानों को खाद भी नहीं मिल रहा है। महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट गेट को धक्का देकर अंदर घने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने उन्हें गेट पर ही रोक लिया।


