पन्ना के नांदचांद गांव में एक विधवा महिला को अपने पति की हत्या के आरोपियों से जान का खतरा है। पति महेश प्रसाद लोधी की हत्या के नौ आरोपी जमानत पर रिहा होने के बाद पीड़िता सुदामा बाई लोधी और उनके परिवार पर राजीनामा करने का दबाव बना रहे हैं। समझौता न करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। सुदामा बाई ने बताया कि उनके पति महेश प्रसाद लोधी की हत्या 16 जून 2024 को नौ आरोपियों ने मिलकर की थी। इन आरोपियों में मोहन लाल लोधी, रामरतन लोधी, राम नरेश लोधी, हरि प्रसाद लोधी, रामअवतार लोधी, नितेश लोधी, श्रीमती माया बाई, धन्नी बाई और यशोदा बाई शामिल हैं। ये सभी आरोपी फिलहाल माननीय न्यायालय से जमानत पर बाहर हैं। पीड़िता का आरोप है कि जेल से बाहर आते ही इन आरोपियों ने उन्हें और उनके परिवार को धमकी देना शुरू कर दिया है। वे उनकी बहू-बेटियों के साथ छेड़खानी और अभद्र टिप्पणियां भी कर रहे हैं। डर के कारण परिवार अपने खेतों पर भी नहीं जा पा रहा है। रात में आरोपी शराब पीकर पीड़िता के घर पर पत्थर फेंकते हैं और गाली-गलौज करते हैं। सुदामा बाई ने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय थाने में सूचना दिए जाने के बावजूद पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। पुलिस की निष्क्रियता के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। जान-माल के खतरे से जूझ रही सुदामा बाई ने 2 दिसंबर को कलेक्टर पन्ना को एक आवेदन सौंपा है, जिसमें उन्होंने अपने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की प्रार्थना की है।


