जनसुनवाई में लोग बोले- 17 दिन से ट्रांसफार्मर खराब:देवास में कहा- बच्चों की पढ़ाई प्रभावित, मोबाइल चार्ज नहीं हो रहे, सुधार कार्य हो

देवास जिले की टोंकखुर्द तहसील के ग्राम खरेली में पिछले 17 दिनों से 200 केवी का ट्रांसफार्मर खराब पड़ा है। इसके कारण गांव में लगातार बिजली सप्लाई बाधित है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। ग्रामीण मंगलवार को जनसुनवाई में आवेदन लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और ट्रांसफार्मर को जल्द से जल्द ठीक कराने की मांग की। ग्रामीण मोहन पटेल ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद से गांव में अंधेरा छाया है। बिजली न होने से बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। रात में पढ़ाई करना तो दूर, ऑनलाइन क्लास लेना या मोबाइल चार्ज करना भी संभव नहीं हो पा रहा है। बिजली गुल होने से महिलाओं और बुजुर्गों की समस्याएं भी बढ़ गई हैं। पानी की मोटर न चल पाने के कारण शौचालयों में पानी की भारी कमी हो गई है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में पीने के पानी की उपलब्धता भी प्रभावित हो रही है। सोहनसिंह ठाकुर, बाबूलाल, विष्णुलाल प्रसाद सुनानिया, देवेन्द्र सोलंकी और संतोष पटेल सहित दर्जनों ग्रामीणों ने कलेक्टर और संबंधित विभागीय अधिकारियों से तत्काल ट्रांसफार्मर बदलने या उसकी मरम्मत करने की अपील की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी समस्या को गंभीरता से लेगा और जल्द कार्रवाई करेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *