श्रीगंगानगर जिले के साधुवाली में निर्माणाधीन गाजर मंडी से ढाणियों का रास्ता निकालने की मांग को लेकर मंगलवार को किसानों ने भूख हड़ताल शुरू कर दी। मंडी में दो किसान अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए। किसानों का कहना है कि प्रशासन 3 किलोमीटर लंबी दीवार खड़ी करने की योजना बना रहा है, जिससे 40 ढाणियों के 70 से ज्यादा परिवारों के 500 से अधिक लोग प्रभावित होंगे। किसान नेता अमरसिंह बिश्नोई ने कहा- 5 दिसंबर को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गाजर मंडी में जनसभा करने आ रहे हैं। उससे पहले हमारा रास्ता बंद करने की कोशिश की जा रही है। हमने जिला कलेक्टर डॉ. मंजू चौधरी से लेकर कृषि उपज मंडी समिति तक गुहार लगाई, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई। अब मजबूरन भूख हड़ताल करनी पड़ रही है। किसानों का कहना है कि गाजर मंडी के पास से ढाणियों को जाने वाला यह रास्ता बंद नहीं किया जाए। इस रास्ते को बंद करने से खेतों तक पहुंचना मुश्किल हो जाएगा। बच्चों का स्कूल जाना और मरीजों को अस्पताल पहुंचाना मुश्किल हो जाएगा। अगर यह तीन किलोमीटर लंबी चारदीवारी बन गई तो उन्हें 10-15 किलोमीटर लंबा चक्कर लगाना पड़ेगा। किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर 5 दिसंबर से पहले उनकी मांग नहीं मानी गई तो मुख्यमंत्री की जनसभा के दौरान बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।


