सीहोर में बूचड़खाना निर्माण का विरोध:लोग बोले- बिना परमिशन के किया जा रहा कार्य, रोक लगे; ज्ञापन सौंपा

सीहोर के दोराहा क्षेत्र स्थित ग्राम सतपोन में बूचड़खाना निर्माण का विरोध तेज हो गया है। मंगलवार को बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने तत्काल निर्माण रोकने और बूचड़खाने को उस स्थान से हटाने की मांग की। क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि यह निर्माण गांव की धार्मिक और सामाजिक भावनाओं के विपरीत है। उनका दावा है कि इसका निर्माण बिना किसी वैध अनुमति के किया जा रहा है। लोगों ने की नारेबाजी, निर्माण परमिशन सार्वजनिक करने की मांग कलेक्ट्रेट पहुंचे प्रदर्शनकारियों में जिला सरपंच संघ के जिलाध्यक्ष एलम सिंह दांगी और भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेश विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल थे। उन्होंने मौके पर नारेबाजी करते हुए कहा कि वे किसी भी कीमत पर बूचड़खाना निर्माण नहीं होने देंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से निर्माण की अनुमति और उसके उद्देश्य को सार्वजनिक करने की मांग की। लोग बोले- निर्माण को किसी प्रकार की अनुमति न दी जाए ज्ञापन में कहा गया है कि यह निर्माण अवैध है क्योंकि इसके लिए ग्राम सतपोन की ग्राम सभा का अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) नहीं लिया गया है। नियमानुसार, जिस ग्राम की कृषि भूमि पर निर्माण हो रहा है, उस ग्राम की ग्राम सभा का अनापत्ति प्रमाण पत्र अनिवार्य होता है। ग्रामीणों ने मांग की है कि इस निर्माण को किसी प्रकार की अनुमति न दी जाए और किए गए अवैध निर्माण को तत्काल ध्वस्त किया जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *