मंडला। नैनपुर-इंदौर के बीच चलने वाली पेंचवेली एक्सप्रेस को गोंदिया से शुरू करने के बिलासपुर जोन के प्रस्ताव से मंडला जिले में व्यापक नाराजगी है। इस मामले पर रेल संघर्ष समिति ने कड़ा विरोध जताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। समिति सदस्यों के अनुसार, जब पेंचवेली ट्रेन नैनपुर से शुरू की गई थी, तब मंडला सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते, बालाघाट सांसद भारती पारधी और प्रदेश की कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने आश्वासन दिया था। उन्होंने कहा था कि मंडला फोर्ट स्टेशन का विस्तारीकरण पूरा होने पर ट्रेन को मंडला फोर्ट से चलाया जाएगा। डीआरएम और जीएम के मंडला फोर्ट स्टेशन के निरीक्षण के दौरान भी इसी तरह के संकेत मिले थे। इसी बीच, सोशल मीडिया पर बिलासपुर रेलवे जोन का 7 नवंबर का एक पत्र सामने आया है। इस पत्र में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर नैनपुर-इंदौर पेंचवेली एक्सप्रेस (19343/19344) को गोंदिया तक बढ़ाने का प्रस्ताव है। इस दस्तावेज़ के सार्वजनिक होने के बाद रेल संघर्ष समिति और स्थानीय लोगों में आक्रोश और बढ़ गया है। समिति सदस्यों ने इस विषय पर मंडला सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते और राज्यसभा सांसद विवेक तंखा से बातचीत की है। समिति का कहना है कि यदि पेंचवेली एक्सप्रेस को वादे के अनुसार मंडला फोर्ट स्टेशन से शुरू नहीं किया गया, तो जिले में उग्र आंदोलन किया जाएगा।


