मैहर: लापता युवक का शव नाले में मिला:10 दिन से हो रही थी तलाश, पुलिस हर एंगल से करेगी जांच

मैहर। रामनगर थाना क्षेत्र में दस दिन से लापता युवक अमन सिंह का शव मंगलवार को कुंदना नाले में तैरता हुआ मिला। पुलिस और परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को 21 नवंबर को रामनगर थाना क्षेत्र के मार्कण्डेय मार्ग पर एक लावारिस मोटरसाइकिल मिली थी। जांच में पता चला कि यह बाइक अमन सिंह की थी। इसके बाद जब पुलिस ने अमन के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की तो वह लगातार स्विच ऑफ आ रहा था। परिजनों ने भी पुष्टि की कि अमन घर नहीं लौटा है और उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। युवक का कोई अता-पता न लगने पर पुलिस को अप्रिय घटना की आशंका हुई। संदेह के आधार पर पुलिस ने एसडीआरएफ टीम की मदद से पास के कुंदना नाले में रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। कई दिनों तक चले इस अभियान में तेज बहाव, गाद और पानी की गहराई के कारण टीम को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। लगातार मशक्कत के बाद लगभग 10 दिन बाद एसडीआरएफ टीम को सफलता मिली। नाले में तलाशी के दौरान अमन सिंह का शव पानी में तैरता हुआ मिला। शव की हालत देखकर अंदाजा लगाया गया कि वह कई दिनों से पानी में पड़ा था। शव की तलाशी के दौरान मृतक की जेब से मोबाइल फोन भी बरामद हुआ, जिसे आगे की जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। रामनगर थाना पुलिस अब यह जांच कर रही है कि युवक की मौत दुर्घटना, आत्महत्या या किसी साजिश का परिणाम है। थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों पर स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों की सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल्स और मृतक के मोबाइल से अन्य सुराग जुटाने में लगी हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *