रतलाम में 5 दिसंबर से प्रशासन गांव की ओर अभियान:कलेक्टर मौके पर शिकायतें सुनेंगी, 19 पंचायतों में शिविर और योजनाओं की समीक्षा भी होगी

रतलाम जिला प्रशासन का ‘प्रशासन गांव की ओर’ अभियान 5 दिसंबर से प्रारंभ होगा। कलेक्टर के साथ सभी विभागों के अधिकारी गांव में पहुंचेंगे। लोगों की समस्या जानेंगे। मौके पर निराकरण करेंगे। लंबित शिकायतों की समीक्षा करेंगे। निराकरण में देरी को लेकर कलेक्टर अधिकारियों से सवाल-जवाब करेंगी। अभियान कलेक्टर मिशा सिंह के मार्गदर्शन में चलेगा। इसके अंतर्गत शासन की फ्लैगशिप स्कीम का क्रियान्वयन, प्रगतिरत महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा एवं जनसुनवाई, किसान चौपाल लगाई जाएगी। अभियान को दो चरणों में चलाया जाएगा। इसके लिए चिह्नित क्लस्टरों का दौरा कैलेंडर भी जारी किया है। दो चरणों में होगा
5 दिसंबर को पहला कार्यक्रम 19 ग्राम पंचायतों में निर्धारित किया है। निर्धारित पंचायतों के लिए अभियान दो चरणों में संचालित किया जाएगा। सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक क्लस्टर की पंचायतों पर नियुक्त नोडल अधिकारियों द्वारा शिकायत निवारण शिविर आयोजित होगा। उक्त समय पर कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ द्वारा प्रगतिरत कार्यों और विभागीय कार्यों का निरीक्षण किया जाएगा। दूसरे चरण में दोपहर में क्लस्टर मुख्यालय शिवगढ़ (जनपद सैलाना) पर सभी पंचायतों की योजनाओं की समीक्षा एवं लंबित शिकायतों की सुनवाई की जाएगी। पहले दिन 19 ग्राम पंचायतों में लगेंगे शिविर
प्रशासन गांव की ओर अभियान अंतर्गत 5 दिसंबर को जनपद पंचायत सैलाना अंतर्गत 19 ग्राम पंचायत अडवानिया, सांसर, भीलों की खेडी, कोटडा, करिया, भामट, सुण्डी, दौलतपुरा, कांगसी, ठिकरीया, बासिन्द्रा, खेडीकला, बायडी, तालाबकोर्डी, शिवगढ़, बावडी, केल्दा, कुआझागर, डुंगरापुंजा में शिकायत सुनने के लिए शिविर लगाए जाएंगे। प्रत्येक पंचायत के लिए जिला स्तरीय नोडल अधिकारी, ब्लाक स्तरीय नोडल अधिकारी एवं ग्राम पंचायत स्तरीय अमले द्वारा सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक आमजन की समस्याओं को सुना जाएगा। समस्या को नोट किया जाएगा। दोपहर 1 बजे से 1.30 बजे तक तक अभियान के क्लस्टर पंचायत मुख्यालय पर सभी अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित होंगे। दोपहर 2.30 बजे से 4 बजे तक क्लस्टर पंचायत मुख्यालय शिवगढ़ पर कलेक्टर द्वारा समीक्षा की जाएगी। शाम 4 बजे से 5.30 बजे तक क्लस्टर में सम्मिलित पंचायतों में शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं की समीक्षा होगी। सांयकाल में किसानों को कृषि संबंधी मार्गदर्शन के लिए कृषि चौपाल का आयोजन किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *