खरगोन पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से 18 गोवंश को तस्करी से मुक्त कराया है। इस दौरान 20 लाख रुपए मूल्य के तीन पिकअप वाहन जब्त किए गए। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक ड्राइवर फरार हो गया। आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पहली कार्रवाई मंगलवार को सनावद थाना क्षेत्र में हुई। थाने के सामने नाकाबंदी के दौरान दो पिकअप वाहनों को रोका गया। इन वाहनों से क्रूरतापूर्वक ले जाए जा रहे 10 गोवंश बरामद किए गए। पुलिस ने इन आरोपियों को पकड़ा पुलिस ने मनीष पिता मदनलाल चौहान (निवासी कोडिया खाल), सुमित पिता बंशीलाल और बिजेंद्र उर्फ बिजू पिता बंशीलाल (दोनों निवासी बलखड) को गिरफ्तार किया। मौके से पिकअप वाहन क्रमांक (MP 11 G0852) और (MP 13 ZR 6104) जब्त किए गए। दूसरी कार्रवाई गोगावां थाना क्षेत्र के टेमा बेहरामपुर में की गई। यहां पिकअप क्रमांक (MP 10 ZC 0542) की जांच के दौरान पुलिस को क्रूरतापूर्वक ले जाए जा रहे 8 अवैध गोवंश मिले। वाहन का ड्राइवर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।


