स्कूल गेट गिरने से बच्चा घायल, प्रशासन ने किया निरीक्षण:प्रतापगढ़ के पिल्लू खेड़ा में खेलते समय हुआ हादसा

प्रतापगढ़ के रठांजना थाना क्षेत्र स्थित पिल्लू खेड़ा के सरकारी प्राइमरी स्कूल में सोमवार को एक दुर्घटना हुई। खेलते समय स्कूल का गेट अचानक एक बच्चे पर गिर गया, जिससे वह घायल हो गया। बच्चे के सिर में चोट आई और उसे दो टांके लगाए गए। गेट गिरने के बाद बच्चे के रोने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत घायल बच्चे को हेल्थ सेंटर पहुंचाया। यह घटना स्कूल समय के बाद हुई थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मंगलवार को प्रशासन सक्रिय हुआ। अतिरिक्त जिला कलेक्टर विजयेश कुमार और मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अनिल पोरवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी स्कूल पहुंचे। उन्होंने मौके की स्थिति का निरीक्षण किया। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अनिल पोरवाल ने बताया कि घायल बच्चा स्कूल के सामने ही रहता है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गेट नया लगाया गया था और इसे ग्रामीणों ने स्थापित किया था। आशंका है कि गेट को ठीक से फिट नहीं किया गया था, जिसके कारण वह असंतुलित होकर गिर गया। अधिकारियों ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा मानकों के पालन के संबंध में आवश्यक निर्देश भी जारी किए गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *