राजसमंद जिला प्रशासन ने जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि किसानों को अतिवृष्टि से हुए खरीफ फसल के खराबे का मुआवजा समय पर दिलवाने के लिए डीएमआईएस पोर्टल पर डेटा अपलोड कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार्य नहीं होगी। इसी क्रम में कलक्टर ने पटवार मंडल कुंदवा, तहसील देवगढ़ के पटवारी जितेंद्र कुमार सिंघल को डेटा अपलोड कार्य में बेहद कम प्रगति दर्ज होने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय उपखंड कार्यालय देवगढ़ रहेगा तथा उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता देय होगा। जिले में खराबा रिपोर्ट डीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज होने के बाद ही किसानों को मुआवजा उपलब्ध हो पाता है। कलक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि प्रतिदिन कम से कम 250 किसानों की एंट्री सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रभावित किसानों को राहत राशि समय पर मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी है कि जनहितकारी कार्यों में समयबद्धता सुनिश्चित न करने पर भविष्य में भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने कहा कि किसानों को मुआवजा दिलवाने की प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा।


