जालोर में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 (SIR) के तहत बेहतर काम करने वाले 11 बीएलओ सुपरवाइज़र का सम्मान किया गया। कार्यक्रम मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ। जहां जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रदीप के.गवांडे ने राज्य स्तर से प्राप्त प्रशस्ति पत्र सभी बीएलओ को प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले बीएलओ सुपरवाइज़र में भीनमाल विधानसभा क्षेत्र के मोहनलाल, गोपाल सिंह राव, पदमसिंह चौहान, महेन्द्र सिंह उमट, मलाराम, तुलसाराम, लादुराम विश्नोई, चन्द्र प्रकाश, नित्यानन्द, माना राम चौधरी व मनमोहन चौधरी शामिल रहे। डॉ. गवांडे ने इस अवसर पर कहा- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप जिले में निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों और कार्मिकों द्वारा उत्कृष्ट कार्य किया जा रहा है। ऐसे कार्यों से अन्य कर्मचारियों को भी प्रेरणा मिलेगी और जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण की गुणवत्ता और गति दोनों में सुधार होगा। कार्यक्रम में आहोर ईआरओ रोहित चौहान, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी लादेश शर्मा सहित बीएलओ सुपरवाइज़र उपस्थित रहे। एसआईआर-2026: अब तक 92.27% गणना प्रपत्र डिजिटलाइज विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत जालोर जिले में गणना प्रपत्रों के डिजिटलाइजेशन का कार्य तेजी से जारी है। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रदीप के गवांडे ने बताया कि अब तक जिले में कुल 14 लाख 5 हजार 4 सौ 11, (92.27%) गणना प्रपत्र डिजिटलाइज किए जा चुके हैं। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि भरे हुए परिगणना प्रपत्र 11 दिसम्बर तक संबंधित बीएलओ के पास जमा करवाएं, ताकि मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण कार्य को समय पर पूर्ण किया जा सके।


