मोहाली में ड्राइफ्रूट कारोबारी के गोदाम से चोरों ने काजू की पेटियां चोरी कर ली हैं। चोर देर रात पिकअप (छोटा हाथी वाहन) लेकर आए थे और उसमें काजू की पेटियां लादकर ले गए। चोरी की पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। जानकारी के अनुसार, जीरकपुर के भबात इलाके में ड्राई फ्रूट कारोबारी कनव गर्ग का गोदाम है। वह एकेएस कॉलोनी में रहते हैं। कनव ने बताया कि सोमवार को वह अपने गोदाम को बंद कर घर चले गए थे। जब मंगलवार को सुबह साढ़े 11 बजे गोदाम में आए तो देखा कि गोदाम को लगे शटर के ताले टूटे हुए थे। सीसीटीवी में 3 आरोपी दिखे उन्होंने कहा कि जब अंदर देखा तो वहां से 42 डिब्बे काजू के गायब थे। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने पर पता चला कि तीन चोर छोटा हाथी वाहन लेकर यहां आए थे और काजू चोरी कर फरार हो गए हैं। मामले की जांच में जुटी टीमें सूचना मिलते ही जीरकपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी एएसआई राजकुमार ने बताया कि मामले की जांच के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटनास्थल से निकलने वाले वाहनों की पहचान की जा सके। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और टीमें जल्द ही इस चोरी की वारदात का खुलासा करेंगी।


