जमीन की नई कलेक्टर गाइडलाइन और रजिस्ट्री दरों में बढ़ोतरी का आम आदमी पार्टी (AAP) विरोध किया गया। प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन के दौरान राजधानी रायपुर में पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी हो गई। रायपुर नगर निगम के पास पहाड़ी मैना चौक पर आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष उत्तम जायसवाल ने किया। प्रदर्शन में प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी का पुतला दहन भी किया गया। उत्तम जायसवाल ने कहा कि सरकार के इस फैसले ने गरीब, किसान, मजदूर और मध्यवर्गीय परिवारों के घर बनाने के सपने को तोड़ दिया है। नई गाइडलाइन से आम लोग और किसान दोनों परेशान उन्होंने कहा कि 80% लोग 500, 1000 और 1500 वर्ग फीट की जमीन खरीदते हैं, लेकिन नई गाइडलाइन दरों के बाद अब जमीन खरीदना आम लोगों के लिए लगभग नामुमकिन हो जाएगा। किसानों की मुश्किलों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि बढ़ी हुई दरों की वजह से किसान न तो खेती के लिए जमीन खरीद पाएंगे और न ही जरूरत पड़ने पर जमीन बेच पाएंगे। दुर्ग में लाठीचार्ज पर आप का हमला उत्तम जायसवाल ने आरोप लगाया कि दुर्ग में पिछले सात दिनों से शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे जमीन खरीदी-बिक्री से जुड़े लोगों पर पुलिस ने बर्बर लाठीचार्ज किया, जो सरकार की “तानाशाही” का प्रमाण है। जो भी लोग इस फैसले का विरोध कर रहे हैं, सरकार उन्हें लाठी के दम पर चुप कराने की कोशिश कर रही है। आप ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार नई गाइडलाइन दरों को वापस नहीं लेती, तो पार्टी सड़क से लेकर हर मंच पर आंदोलन जारी रखेगी।


