भास्कर न्यूज | सिमडेगा उपायुक्त अजय कुमार सिंह ने कोलेबिरा प्रखंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कोलेबिरा पंचायत भवन पहुंचकर प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, पंचायत सेवक, रोजगार सेवक, बीपीओ के साथ बैठक कर संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने मनरेगा अंतर्गत मानव दिवस सृजन की प्रगति की समीक्षा की। बीपीओ ने बताया कि लक्ष्य के एवज में 38 प्रतिशत को ही लेबर को काम दिया गया है। उपायुक्त ने मानव दिवस सृजन को बढ़ाने का निर्देश दिया। पुरानी लंबित योजनाओं की समीक्षा कर उन्होंने पूर्ण कार्य में एमआर निर्गत करते हुए लेबर एवं संवेदक को राशि का भुगतान कर योजनाओं को बंद करने का निर्देश दिया। लंबित प्रधानमंत्री आवास योजना की कार्य प्रगति की जानकारी ली। उपायुक्त ने वित्तीय वर्ष 2023-24 में स्वीकृत अबुआ आवास योजना की समीक्षा की। दौरान बताया गया कि कोलेबिरा पंचायत में 74 आवास की स्वीकृति दी गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रथम क़िस्त जिन लाभुकों को दी गई है उनसे ससमय कार्य प्रारंभ कराया जाए। जिस लाभुक को तृतीय क़िस्त का राशि भुगतान किया गया उनका आवास कार्य को पूर्ण कराने का निर्देश दिया। बताया गया कि 14 आवासों का प्लिंथ लेवल कार्य किया गया है, जिनका ससमय जियो टैग कराने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा रजिस्टर वन, आई-ए जॉब कार्ड पंजीकरण, आई-बी जॉब कार्ड आवेदन, आई-सी जॉब कार्ड जारी करना, आई-डी घरेलू रोजगार, रजिस्टर टू ग्राम सभा एवं सामाजिक अंकेक्षण सभा, रजिस्टर थ्री मजदूरी की मांग, आवंटन और भुगतान, रजिस्टर फोर भाग-ए कार्य रजिस्टर, भाग-बी कार्यवार विवरण, रजिस्टर फाइव अचल संपत्ति रजिस्टर, रजिस्टर सिक्स शिकायत रजिस्टर, रजिस्टर सेवन ,सामग्री रजिस्टर, मास्टर रोल पंजी, एम. बी. बुक सहित अन्य पंजी का जांच कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिस योजना में कार्य हुआ है और मस्टर रोल निकलते हुए लेबर भुगतान नहीं किया गया है उसे ससमय निष्पादन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। डीसी ने पुरानी योजनाएं जो मनरेगा वेबसाइट में चालू हैं, उन योजनाओं के क्रियान्वयन का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने आम बागवानी योजना का निरीक्षण किया। लाभुक से योजना से संबंधित जानकारी ली।पाया गया कि योजना से बोर्ड का अधिष्ठापन किया गया था परन्तु योजना से संबंधित जानकारी का लेखन नहीं किया गया था। योजना स्थल पर बोर्ड लेखन कार्य नहीं होने पर उपायुक्त महोदय ने रोजगार सेवक पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वहीं अबुआ आवास योजना का निरीक्षण किया इस दौरान लाभुकों से मुलाकात कर यथाशीघ्र आवास का छत ढलाई करने की बात कही।उप विकास आयुक्त संदीप कुमार दोराईबुरु, प्रखंड विकास पदाधिकारी वीरेंद्र किंडो, अंचलाधिकारी अनुप कच्छप, परियोजना पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार, मुखिया व अन्य उपस्थित थे।


