नप ने अतिक्रमण के खिलाफ की सख्ती, बोले- अतिक्रमण करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

भास्कर न्यूज | सिमडेगा जिले में इन दिनों सड़क जाम और सड़क दुर्घटना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। जिसे ध्यान में रखते हुए डीसी के निर्देश पर चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान दूसरे दिन शनिवार को भी जारी रही। शनिवार को डेली मार्केट, मार्केट कॉम्प्लेक्स, टैक्सी स्टैंड सहित आसपास के क्षेत्र में नगर परिषद की ओर से बुलडोजर लेकर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान मुख्य रूप से सदर अंचल अधिकारी इम्तियाज अहमद, प्रशासक नगर परिषद समीर बोदरा एवं सिटी मैनेजर अर्पण इंदवार तथा आकाश डेविड सिंह उपस्थित थे। इस मौके पर टैक्सी स्टैंड के आसपास सड़क किनारे दोनों ओर सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को जेसीबी के माध्यम से तोड़फोड़ करते हुए हटवाया गया। इसके अलावा मार्केट कांप्लेक्स गली नंबर 2 एवं चिल्ड्रन पार्क के आसपास के क्षेत्र में सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को मुक्त कराया गया। इस मौके पर अंचल अधिकारी ने कहा कि बार-बार लोगों को चेतावनी देने के बावजूद लोग अतिक्रमण कर रहे हैं इसलिए अब अगर दोबारा अतिक्रमण करते हुए पाए जाएंगे तो उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। शहर को साफ सुथरा और जाम मुक्त बनाने के लिए डीसी के निर्देश पर समाहरणालय से लेकर भट्टी टोली तक तथा सिमडेगा शहर क्षेत्र के विभिन्न जगह जिसमें मार्केट कॉम्प्लेक्स, डेली मार्केट एवं आसपास के क्षेत्र में सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा, ताकि साफ सुथरा शहर बनाया जा सके। इस मौके पर भारी संख्या में पुलिस के जवान मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *