बीकानेर के छत्तरगढ़ कस्बे के पास स्थित बायोमास पावर प्लांट में मंगलवार रात अचानक भीषण आग लग गई। प्लांट में रखे हजारों क्विंटल पराली के स्टॉक में देखते ही देखते आग लगी, जिसने बाद में विकराल रूप ले लिया। आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पिछले 10 दिनों में यह दूसरी आगजनी की घटना है। वहीं, पिछले साल भी इसी प्लांट में भयंकर आग लगी थी, जिससे बड़ा नुकसान हुआ था। मंगलवार देर रात इस फैक्ट्री के पास ही आग की लपटे नजर आई। दूर तक दिखाई दे रही लपटों के कारण यहां भारी मात्रा में भीड़ एकत्र हो गई। गनीमत रही कि आग के आसपास कोई नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। आग की सूचना मिलते ही छत्तरगढ़ पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी। इसके बाद दमकल कर्मियों की मदद से आग पर देर रात काबू पाया गया। आग लगने से एकबारगी तो हड़कंप मच गया। लोगों ने मौके पर पहुंचकर सबसे पहले ये पता लगाया कि कोई व्यक्ति तो अंदर नहीं है। गनीमत रही कि कोई भी आग से झुलसा नहीं। आमतौर पर यहां मजदूर और उनके परिवार रहते हैं। पिछले साल भी इसी जगह आग लगने से बड़ा हादसा हुआ था। पुलिस आग के कारणों का पता लगा रही है। बुधवार सुबह तक आग के मलबे से धुआं उठ रहा था। कंटेंट : सोमराज, छत्तरगढ़


