सिंगरौली में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश सदस्य वीरेंद्र पाठक और व्यापारी सुधांशु साह के बीच व्यवसायिक लेन-देन को लेकर विवाद हो गया है। व्यापारी ने आरोप लगाया है कि 10 नवंबर की रात वीरेंद्र पाठक ने उनकी गैरमौजूदगी में उनके घर पहुंचकर पिता और परिवार के एक सदस्य पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें एक सफेद स्कॉर्पियो दो व्यक्तियों की ओर तेजी से बढ़ती दिख रही है। व्यापारी के अनुसार, उनका वीरेंद्र पाठक के साथ लंबे समय से व्यापारिक लेन-देन चल रहा है। उन्होंने वीरेंद्र पाठक को कई बार उधार में सामान दिया है, जिसका भुगतान समय-समय पर होता रहा है। व्यापारी का दावा है कि वीरेंद्र पाठक को 6 लाख रुपए का भुगतान 3 दिसंबर को किया जाना था। इसके बावजूद 10 नवंबर को उनके घर पहुंचे और गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। व्यापारी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी व्यापारी ने 14 नवंबर को बैढ़न थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया है कि सत्ता पक्ष के दबाव के कारण पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और नवानगर थाने में उन पर समझौते का दबाव बनाया गया। बीजेपी किसान मोर्चा के सदस्य ने आरोपों को बेबुनियाद बताया दूसरी ओर, वीरेंद्र पाठक ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि उनकी गाड़ी ऑटोमैटिक है और जानबूझकर ऐसा करने का आरोप गलत है। उनका दावा है कि व्यापारी ने व्यापारिक लेन-देन के तहत उनसे 30 लाख रुपए लिए थे, जिन्हें वह वापस नहीं कर रहे हैं। पाठक के अनुसार, उन्हें झूठे मामले में फंसाया जा रहा है। वीरेंद्र पाठक ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में 10 नवंबर को ही पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपी थी, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद नगर पुलिस अधीक्षक पीएस परस्ते ने बताया कि वीडियो की जांच के आधार पर वीरेंद्र पाठक के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस फिलहाल दोनों पक्षों के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है।


