प्रतापगढ़ के दीपेश्वर महादेव मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। इसके लिए बैंड-बाजों के साथ कलश और पोथी यात्रा निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। 11 जनवरी तक भागवत कथा का आयोजन होगा। दीपेश्वर महादेव मंदिर के मनोज मेनारिया ने बताया कि मंदिर परिसर में 7 दिवसीय भागवत कथा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। रविवार को कलश यात्रा के साथ कथा का शुभारंभ हुआ। शहर के केशवराय जी मंदिर से निकाली गई कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं अपने सिर पर कलश धारण किए हुए थी। श्रद्धालु बैंड बाजों और ढोल नगाड़ों पर भक्ति धुनों के साथ नृत्य कर रहे थे। मार्ग में यात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया और आतिशबाजी की गई। दीपेश्वर महादेव मंदिर भक्त मंडल की ओर से आयोजित ये भागवत कथा 11 जनवरी तक चलेगी। जिसमें कथावाचक पंडित श्याम शर्मा रोजाना कथा वाचन करेंगे।


