पार्षद के घर में घुसकर मारपीट,सीएम से कार्रवाई की मांग:MIC मेंबर पर लगाया हमले का आरोप; 30-40 लोगों पर केस दर्ज

इंदौर में भाजपा पार्षद कमलेश कालरा के घर में हुई मारपीट को लेकर वे अपने परिवार के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिलने पहुंचे। इस दौरान विधानसभा क्षेत्र-4 की विधायक मालिनी गौड़ और उनके समर्थक पार्षदों ने भी सीएम से मुलाकात की। परिवार ने सीएम को घटनाक्रम के बारे में बताया और न्याय की अपील की। इसके पहले, पार्षद कमलेश कालरा और समाज के लोगों ने पार्टी कार्यालय पहुंचकर प्रदेश अध्यक्ष को भी इस बारे में जानकारी दी थी। दरअसल, पार्षद कमलेश कालरा की नगर निगम कर्मचारियों के साथ हुई बातचीत का एक ऑडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद शनिवार को कुछ लोग उनके घर में घुस गए। आरोप है कि इन लोगों ने पार्षद के बेटे के साथ मारपीट की, उसे चाकू मारा और परिवार को धमकाया। MIC मेंबर पर हमले का आरोप
पार्षद कमलेश कालरा ने मेंदोला समर्थक और एमआईसी मेंबर जीतू यादव और उनके साथियों पर हमला करने का आरोप लगाया। इस घटना के बाद पार्षद के समर्थक और सिंधी समाज के लोग एकत्रित हो गए। उन्होंने जूनी इंदौर थाने में इस मामले की शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, सिंधी कॉलोनी के व्यापारियों ने भी दुकानें बंद कर विरोध जताया और सड़कों पर उतर आए। हालात को देखते हुए इलाके में तनाव बढ़ गया है। सीएम ने बात सुनी, आश्वासन दिया
शनिवार रात को सीएम डॉ. मोहन यादव का ट्रांजिट विजिट था। एयरपोर्ट पर विधायक मालिनी गौड़ के साथ पार्षद कमलेश कालरा अपने पूरे परिवार को लेकर सीएम से मिलने पहुंचे। पार्षद अपनी बुजुर्ग मां, पत्नी और बेटे के साथ थे। मालिनी गौड़ ने उन्हें सीएम से मिलवाया। मुख्यमंत्री ने परिवार की बात सुनी और जांच-कार्रवाई का आश्वासन दिया। डॉ मोहन यादव ने नगर अध्यक्ष से भी इस मामले में बात करने को कहा। कालरा का कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि आरोपियों को सजा मिलेगी। उन्होंने कहा- मैं भाजपा का कार्यकर्ता और पार्षद हूं, पार्टी को हमारे लिए कुछ न कुछ जरूर करना चाहिए। मालिनी गौड़ ने वीडी से मिलवाया
इस घटना के बाद पार्षद कालरा के समर्थक और सिंधी समाज के लोग एकत्रित होकर भाजपा कार्यालय पहुंच गए थे। बताया जा रहा है कि यहां विधायक मालिनी गौड़ ने उन्हें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा से मिलवाया। पार्षद ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी उन्हें दी और कार्रवाई की मांग की थी। बताया जा रहा है कि मामला अनुशासन समिति को दिया गया है, जो इसकी इसकी जांच करेगी। 30-40 अज्ञात लोगों पर FIR दर्ज
पार्षद कमलेश कालरा के बेटे दीपेश कालरा की शिकायत पर जूनी इंदौर पुलिस ने 30 से 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। इन पर आरोप है कि इन्होंने पार्षद के घर में घुसकर गाली-गलौज की, हथियार लहराकर जान से मारने की धमकी दी और घर में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें-
इंदौर में भाजपा पार्षद कालरा के घर पर हमला
इंदौर में भाजपा के एक पार्षद के घर पर हमला हो गया। घर में घुसकर कुछ बदमाशों ने वार्ड 65 के पार्षद कमलेश कालरा के खातीवाला टैंक स्थित घर में घुसकर उनकी मां और बेटे को घायल कर दिया। कालरा ने इसे लेकर भाजपा के ही दूसरे पार्षद जीतू यादव पर आरोप लगाया है। पढ़े पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *