जमीनी विवाद में किसान परिवार पर हमला:कुल्हाड़ी और लाठियों से की मारपीट, 9 घायलों में से 3 की हालत गंभीर

चूरू जिले के सरदारशहर थाना क्षेत्र में खेत में बैठे एक किसान और उसके परिवार पर लाठी, डंडे और कुल्हाड़ी से हमला किया गया। इस हमले में नौ लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद चूरू के डीबी अस्पताल रेफर किया गया है। घटना मंगलवार देर शाम की है। सरदारशहर के वार्ड 35 निवासी 50 वर्षीय शरीफ काजी ने बताया कि जब वह अपने परिवार के साथ खेत में बैठे थे, तभी परिवार के ही धोलू, अकरम, बाबूलाल, सलीम और न्यामत ने खेत में घुसकर उन पर हमला कर दिया। शरीफ काजी के अनुसार, यह हमला पुश्तैनी खेत के विवाद को लेकर हुआ। उन्होंने बताया कि उनके हिस्से में 25 बीघा जमीन आई थी, जिसे परिवार के कुछ लोगों ने उनकी अनुमति के बिना बेच दिया था। हमले में शरीफ काजी (50), रजिया (45), फिरोज बानो (60), सलीम (40), रियाज (25), उम्मेद (25), सिकंदर (20), भंवरा (50) और जावेद (18) घायल हुए हैं। शरीफ, रजिया और फिरोज बानो के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते उन्हें चूरू रेफर किया गया। अन्य घायलों का सरदारशहर के अस्पताल में इलाज किया गया। शरीफ काजी ने बताया कि उन्होंने इस हमले को लेकर मामला भी दर्ज करवाया है। चूरू के अस्पताल में भर्ती तीनों घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *