जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में शनिवार (4 जनवरी) को सेना का ट्रक खाई में गिर गया। इस हादसे में 4 जवान शहीद हुए थे, जिनमें से 2 जवान राजस्थान के हैं। नागौर के जायल ब्लॉक के राजोद गांव निवासी हवलदार हरिराम रैवाड़ ड्यूटी पर शहीद हो गए। बांदीपोरा में हुए एक्सीडेंट में हवलदार हरिराम रैवाड़ की पार्थिव देह आज चंडीगढ़ पहुंच चुकी है। एडीएम चंपालाल जीनगर ने बताया कि खराब मौसम के चलते हरिराम को चंडीगढ़ एयरबेस पर रखा गया है। मौसम साफ होने के बाद सेना के हैलिकाॅप्टर से बीकानेर और फिर सेना के वाहन से पैतृक गांव राजोद लाया जाएगा। हरिराम के बड़े भाई सेना से रिटायर्ड हैं और पिता किसान हैं। शहीद हरिराम के घर पर शहादत की खबर नहीं दी गई है।


