डीडवाना-कुचामन जिले में बकाया कर जमा नहीं कराने वाले वाहन स्वामियों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत के निर्देश पर विभाग ने 357 वाहनों के पंजीयन (आरसी) निलंबित कर दिए हैं। अतिरिक्त जिला कलेक्टर मोहनलाल खटनावलिया ने बताया कि यह कार्रवाई जिला कलेक्टर के स्पष्ट निर्देशों के बाद की गई है। हाल ही में राजस्व अर्जन से जुड़े विभागों की समीक्षा बैठक में जिला कलेक्टर ने बकाया कर जमा न कराने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए थे। इसी के तहत परिवहन विभाग ने पहले चरण में इन 357 वाहनों के पंजीयन निलंबित किए हैं। खटनावलिया ने आगे बताया कि जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को बकाया कर की वसूली के लिए निरंतर और कठोर कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य राजस्व में सुधार लाना और नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करना है। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से जिले में वाहन चालकों और स्वामियों के बीच कर अदायगी को लेकर सतर्कता बढ़ने की उम्मीद है।


