अनूपपुर से एक 55 वर्षीय किडनी फेल मरीज को बुधवार को पीएम श्री एयर एंबुलेंस से भोपाल एम्स एयर लिफ्ट किया गया। यह सेवा अनूपपुर में दूसरी बार उपयोग की गई है, जिससे गंभीर मरीजों को आपातकालीन स्थिति में इलाज मिल पा रहा है। एंबुलेंस ने अनूपपुर के एकलव्य स्कूल के मैदान से भोपाल के लिए उड़ान भरी। मरीज की पहचान नगर परिषद डोला निवासी विश्वनाथ गोस्वामी (55) के रूप में हुई है। उन्हें 28 नवंबर को जिला चिकित्सालय अनूपपुर में भर्ती कराया गया था, जहां किडनी की समस्या के कारण डायलिसिस चल रहा था। चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें उच्च स्वास्थ्य संस्था में रेफर करने का निर्णय लिया। कलेक्टर के मार्गदर्शन में एयर-लिफ्ट किया गया कलेक्टर हर्षल पंचोली के मार्गदर्शन में मरीज को पीएम श्री एयर एंबुलेंस हेलिकॉप्टर से एयर लिफ्ट किया गया। इस प्रक्रिया में अपर कलेक्टर दिलीप पांडेय, सिविल सर्जन डॉ. एस.आर. परस्ते, डॉ. एस.सी. रॉय, डॉ. प्रवीण कुमार शर्मा, डॉ. एन.पी. मांझी, डॉ. राजकुमार सिंह, डॉ. शिवेंद्र द्विवेदी, भाई लाल पटेल और जिला चिकित्सालय की टीम ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। देखिए तस्वीरें… डाक्टरों ने बताया विश्वनाथ गोस्वामी को किडनी की समस्या मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अलका तिवारी ने बताया कि विश्वनाथ गोस्वामी 28 नवंबर को अस्पताल में भर्ती हुए थे। उनकी किडनी में गंभीर समस्या थी, जिसके लिए लगातार डायलिसिस किया जा रहा था। डॉक्टरों की टीम ने गहन परीक्षण के बाद उन्हें एम्स भोपाल रेफर किया था, जहां उन्हें बुधवार सुबह 10 बजे पीएम श्री एंबुलेंस से एयरलिफ्ट कर भेजा गया। यह उल्लेखनीय है कि इससे पहले 28 नवंबर को भी एक लकवाग्रस्त मरीज को पीएम श्री एंबुलेंस के माध्यम से एयरलिफ्ट कर भोपाल एम्स भेजा गया था, जहां उनका इलाज जारी है। पांच दिनों के भीतर यह दूसरी बार है जब अनूपपुर से किसी गंभीर मरीज को भोपाल एम्स के लिए एयरलिफ्ट किया गया है।


