गुना जिले के मृगवास इलाके में बुधवार सुबह एक प्लॉट को लेकर दो परिवार आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जमकर लाठियां भांजी। विवाद इतना बढ़ा कि महिलाओं और बच्चियों को भी नहीं बख्शा गया, उन पर भी लाठियां बरसाई गईं। मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोग एक-दूसरे को जमीन पर गिराकर पीटते नजर आ रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, मामला मृगवास कस्बे का है। एक प्लॉट पर दो परिवार अपना-अपना दावा कर रहे हैं। दोनों पक्षों में इसे लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। बुधवार सुबह लगभग 10 बजे प्लॉट को लेकर दोनों पक्ष फिर आमने-सामने हो गए। पहले बहस और कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते लाठी-डंडों वाली मारपीट में बदल गई। महिलाओं-बच्चियों को भी नहीं बख्शा
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि दोनों पक्षों के पुरुष, महिलाएं और बच्चे आपस में भिड़े हुए हैं। मारपीट इतनी जबरदस्त थी कि कई सदस्य जमीन पर गिर पड़े, इसके बावजूद उन पर लाठियां बरसाई जाती रहीं। वीडियो में उपद्रवी महिलाओं और बच्चियों पर भी लाठियों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। दोनों पक्ष थाने पहुंचे, कई लोग घायल
इस संघर्ष में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं, जिन्हें शरीर में कई जगह चोटें आई हैं। घटना के बाद दोनों पक्ष एक-दूसरे पर मामला दर्ज कराने थाने पहुंचे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


