छतरपुर में अवैध शराब तस्करी का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के बरकौहा रोड पर मंगलवार देर रात ग्रामीणों ने शराब से भरी एक कार (UP 96 T 8659) को पकड़ा। उन्होंने कार में तोड़फोड़ की, उसमें सवार लोगों से मारपीट की और एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार, देर रात शराब माफिया कार से शराब की तस्करी कर रहे थे। बरकौहा गांव के लोगों को इसकी सूचना मिली। इसके बाद उन्होंने मौके पर कार को रोका। ग्रामीणों ने कार के शीशे तोड़े और उसमें मौजूद लोगों के साथ मारपीट की। लोगों ने एक युवक को पकड़ा, 5 भाग गए इस दौरान कार में बैठे 5 लोग मौके से फरार हो गए। हालांकि, ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया और उसका वीडियो बनाया। बाद में पुलिस को सूचना दी गई और पकड़े गए व्यक्ति और कार को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। कार में कट्टा और रॉड रखी मिली ग्रामीणों ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी पोस्ट किया है। इस वीडियो में कार में रखी शराब की पेटियां, एक .315 बोर का कट्टा, डंडे और लोहे की रॉड दिखाई गई है। पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ में उसने बताया कि कार में सभी नए लड़के थे, जिनमें से एक छक्के गांव का और बाकी छतरपुर के थे। वीडियो में कार के सभी शीशे टूटे हुए दिख रहे हैं। लोग बोले- शिकायत पर भी पुलिस कार्रवाई नहीं करती ग्रामीणों का आरोप है कि शराब ठेकेदार के गुर्गे गांव-गांव में अवैध तरीके से शराब की तस्करी कर रहे हैं। वे खुलेआम कट्टे से गोली मारने की धमकी देते हैं, जिससे स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि यह काम लंबे समय से चल रहा है और शिकायत करने पर भी थाना पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद दांगी से बात करने पर उन्होंने 10 मिनट बाद जानकारी देने की बात कहकर जवाब टाल दिया। वहीं, आबकारी अधिकारी अमृत जैन और निरीक्षक गजेंद्र यादव से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।


