बोकारो में चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे आम जनता में दहशत का माहौल है। नवीनतम घटना सेक्टर 12A में सामने आई है, जहां चोरों ने एक घर से करीब 15 से 20 लाख रुपए के जेवरात और अन्य सामान चुरा लिए। यह वारदात मंगलवार रात सेक्टर 12A के क्वार्टर नंबर 1241 में हुई। घर के मालिक ज्ञान शंकर रजक अपनी बेटी के घर जमशेदपुर गए हुए थे। उन्होंने घर की देखभाल के लिए पड़ोसी के बेटे को चाबी दी थी, जिसे रात में घर पर सोना था। हालांकि, मंगलवार को पड़ोसी के बेटे की तबीयत खराब होने के कारण वह घर पर नहीं आ सका। इसी मौके का फायदा उठाकर चोरों ने घर में सेंध लगाई और वारदात को अंजाम दिया। अलमारी से सभी कीमती जेवरात गायब थे बुधवार सुबह जब पड़ोसी की पत्नी अंजली कुमारी घर देखने पहुंचीं, तो उन्होंने मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ पाया। अंदर जाने पर दीवान, अलमारी और अन्य सामान बिखरा हुआ मिला। अलमारी से सभी कीमती जेवरात गायब थे। अंजली कुमारी ने तत्काल गृहस्वामी ज्ञान शंकर रजक को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही रजक जमशेदपुर से बोकारो लौटे और स्थानीय थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पड़ोस में रहने वाली अंजली कुमारी ने बताया कि रजक दंपती जब भी बाहर जाते थे, वे उन्हें घर की चाबी दे जाते थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने स्थानीय निवासियों को सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाने पर मजबूर कर दिया है।


