पति की मौत के सदमे में पत्नी ने किया सुसाइड:कुएं में कूदकर दी जान, एक ही दिन में दो मौतें

सलूंबर जिले के बेडावल गांव में एक दुखद घटना सामने आई है। पति की मौत के बाद उसकी पत्नी ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। एक ही दिन में पति-पत्नी की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय नाथू मीणा लंबे समय से बीमार थे। बीती देर रात करीब 1 बजे उनका निधन हो गया। पति की मौत की खबर मिलते ही उनकी पत्नी धनकी गहरे सदमे में चली गईं। रात में ही धनकी अचानक घर से गायब हो गईं। परिजनों ने काफी देर तक उनकी तलाश की, जिसके बाद गांव के ही एक कुएं में उनका शव तैरता हुआ मिला। सूचना मिलने पर सलूंबर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को सलूंबर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। ग्रामीणों के मुताबिक, नाथू और धनकी की शादी करीब आठ महीने पहले नाता प्रथा के तहत हुई थी। नाथू के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। घर में केवल उनका 9 वर्षीय छोटा भाई रहता है। परिवार और ग्रामीण दोनों ही इस दंपत्ति को एक-दूसरे का सहारा मानते थे। नाथू की अचानक मौत धनकी के लिए असहनीय थी। ग्रामवासियों ने बताया कि धनकी लगातार कह रही थीं कि उनके जीने का कोई कारण नहीं बचा है। इसी सदमे में उन्होंने देर रात कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के संबंध में धनकी के काका ने पुलिस को रिपोर्ट दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एक ही परिवार में आठ घंटों के भीतर हुई दो मौतों ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *