एसआई भर्ती रद्द करने की मांग को लेकर लगातार सार्वजनिक बयान दे रहे मंत्री किरोड़ीलाल मीणा आज अचानक इस सवाल पर खामोश हो गए। दरअसल आज किरोड़ीलाल मीणा बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ से मिलने प्रदेश बीजेपी कार्यालय पहुंचे थे। यहां मीडिया से बात करते हुए उन्होने प्रदेशाध्यक्ष से मिलने का कारण बताया। लेकिन जैसे ही उनसे पूछा गया कि क्या आपको लगता है कि एसआई भर्ती परीक्षा रद्द होगी, इस सवाल पर किरोड़ी ने मुंह पर अंगुली रख ली। किरोडी ने मुंह पर अंगुली रखते हुए अपने होंठ इस मामले में सिले होने का इशारा किया। अब किरोड़ी के इस राजनीतिक अंदाज के मायने भी निकाले जा रहे हैं। माना जा रहा है कि किरोड़ी को केन्द्रीय नेतृत्व ने पार्टी और सरकार की लाइन के खिलाफ जाकर बोलने से मना किया है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले किरोड़ी की दिल्ली में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात हुई थी। हम एकराय, कोई विरोध नहीं
प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ से मुलाकात के बाद किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि नगरपालिका और नगर परिषदों में जो चुनाव हुए है। उनके बारे में जानकारी के लिए मुझे अध्यक्ष जी ने बुलाया था। संगठन के चुनाव चल ही रहे है। उसके बारे में जानकारी ली थी। एसआई भर्ती प्रकरण को लेकर किरोड़ी ने कहा कि यह प्रकरण सरकार के स्तर पर चल रहा है। इसमें सरकार क्या करेगी, मुझे इसकी जानकारी नहीं हैं। वहीं जमानत पर रिहा ट्रेनी एसआई को निलंबित करने के मामले में जब किरोड़ी से पूछा गया कि आपके विरोध के बाद सरकार ने यह निर्णय लिया है क्या? इस पर किरोड़ी ने कहा कि हम एकराय है, कोई विरोध नहीं है। आपस में मिलकर निर्णय़ होगा। मैं तो शुरू से ही एसआई भर्ती रद्द करने की मांग करता रहा हूं। इसके साथ ही अमित शाह से मुलाकात पर किरोड़ी ने कहा कि मेरी अमित शाह से विशेष चर्चा हुई है। विशेष चर्चा के बारे में मीडिया को नहीं बताया जा सकता हैं। छह दिन पहले कहा था भर्ती रद्द होनी चाहिए
करीब छह दिन पहले जयपुर में ही किरोड़ीलाल मीणा ने कहा था कि भर्ती रद्द होनी चाहिए। उन्होने कहा था कि जिस एसओजी को भर्ती की जांच दी गई थी, उसने पेपर रद्द करने के लिए कह दिया। पुलिस मुख्यालय, एडवोकेट जनरल और कैबिनेट सब कमेटी ने भी भर्ती रद्द करने की सिफारिश कर दी है, ऐसे में यह भर्ती रद्द होनी ही चाहिए। अब यह तो मुख्यमंत्री के हाथ में है कि वह कब इसको रद्द करेंगे। इतना कुछ होने के बाद भी भर्ती रद्द नहीं होने के सवाल पर किरोड़ी ने कहा- इसका कारण तो मुख्यमंत्री ही बता सकते हैं। मुझे कारण पता होता तो मैं बता देता। मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने सोमवार को जयपुर में मौसम विज्ञान केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के बाद मीडिया के सवालों के जवाब में यह बात कही।


