फलोदी पुलिस ने फरार हिस्ट्रीशीटर को किया गिरफ्तार:मारपीट व हत्या के प्रयास मामले में वांछित था, 3 आरोपी पहले ही पकड़े जा चुके

फलोदी पुलिस ने मारपीट और हत्या के प्रयास के एक मामले में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर श्रवण बिश्नोई को गिरफ्तार किया है। आरोपी श्रवण पुत्र सुखाराम बिश्नोई एकलखोरी, थाना ओसियां का निवासी है। यह मामला 27 अप्रैल 2025 की रात करीब 10:30 बजे का है। सावतसर दयासर खारा निवासी नारायणराम और उनके भाई भागीरथराम अपनी पिकअप से खारा-सांवरीज चौराहा पहुंचे थे। तभी पहले से घात लगाए बैठे श्रवण बिश्नोई और उसके 4-5 साथियों ने बोलेरो कैम्पर व दूसरी पिकअप से उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। आरोपियों ने दोनों भाइयों को जबरन गाड़ी से नीचे उतारा और लाठियों व सरियों से उन पर हमला किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। इस घटना के बाद फलोदी थाने में एक मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एएसआई बाबूराम के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी। इस टीम ने पहले ही तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जिसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने अब मुख्य और फरार आरोपी श्रवण बिश्नोई को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया, श्रवण बिश्नोई एक बदमाश प्रवृत्ति का व्यक्ति है। उसके खिलाफ पुलिस थाना ओसियां सहित विभिन्न थानों में कुल 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *