आयकर विभाग ने लगाया दिव्यांग बच्चों के लिए पर्पल फेयर:कहा- सामान्य बच्चों से किसी तरह कमजोर नहीं, समान सुविधाएं देने की अपील की

भोपाल में राष्ट्रीय प्रत्यक्ष कर अकादमी (NADT) के रीजनल कैम्पस में आयोजित Purple Fair-2025 में अधिकारियों ने कहा कि दिव्यांग बच्चे किसी भी मामले में समाज के दूसरे बच्चों से कम नहीं हैं। सभी वर्गों की जिम्मेदारी है कि उन्हें समान अवसर और सुविधाएं दी जाएं। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों के सशक्तिकरण, जागरूकता और समावेशन को बढ़ाना था। आयकर विभाग ने इस आयोजन को देश के 10 केंद्रों पर आयोजित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान अपर महानिदेशक सृजनी मोहन्ती ने की। मुख्य अतिथि के रूप में डीजी इन्वेस्टिगेशन बिजॉय कुमार पांडा मौजूद रहे। सृजनी मोहन्ती और बिजॉय पांडा ने कहा कि दिव्यांग बच्चे किसी भी तरह से सामान्य बच्चों से कमजोर या कम सक्षम नहीं होते। समाज की जिम्मेदारी है कि उन्हें वैसी ही सुविधाएं और माहौल दिया जाए, जैसा अन्य बच्चों को मिलता है। इससे उनके मानसिक, शारीरिक और बौद्धिक विकास में मदद मिलती है। कार्यक्रम में कई NGOs से आए दिव्यांग बच्चे, उनके स्टाफ, और आयकर विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिग्दर्शिका पुनर्वास एवं अनुसंधान संस्थान, नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड, ज्योति स्पेशल स्कूल और निदान फाउंडेशन के बच्चों ने प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन आयकर अधिकारी आशीष मोदगिल ने किया। आयकर विभाग की ओर से देशभर के 10 स्थानों पर Purple Fair आयोजित किया गया, जिसमें भोपाल का आयोजन प्रमुख रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *