धार में जिला शहरी विकास अभिकरण (DUDA) की समीक्षा बैठक कलेक्टर सभागार में हुई। एडीएम संजीव केशव पांडेय ने कहा कि शहरी विकास से जुड़ी सभी योजनाओं में समयबद्ध प्रगति और पारदर्शिता प्रशासन की प्राथमिकता है। एडीएम पांडेय ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत स्वीकृत और प्रस्तावित आवासों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण चरण, लाभार्थी सत्यापन और भू-आवंटन की जानकारी ली। एडीएम ने निर्देश दिए कि फील्ड वेरिफिकेशन समय पर पूरा किया जाए और निर्माण गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में शहरी क्षेत्रों में सड़क, नाली, जल निकासी, सीसी रोड, सार्वजनिक स्थल विकास और अन्य अधोसंरचना निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा हुई। एडीएम ने लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने और सभी निकायों को नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इन विषयों पर की गई चर्चा एडीएम पांडेय ने प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0, अमृत 2.0, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम स्वनिधि, अवैध कॉलोनियों पर नियंत्रण, नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम, आवारा पशु/डॉग बाइट नियंत्रण, नगरीय यातायात सुधार, EWS भूखंड निस्तारण और नर्मदा परिक्रमा पथ से जुड़े कार्यों की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने इन सभी योजनाओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में अनुपस्थित रहने पर एडीएम पांडेय ने बदनावर और धामनोद के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इस समीक्षा बैठक में DUDA के अधिकारी, नगर निकाय प्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


