सिवनी में खाद्य प्रतिष्ठानों में मिलावट की शिकायतों के बाद खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग ने कार्रवाई की है। विभाग के अधिकारी सोनू तिवारी ने बताया कि कलेक्टर शीतला पटले के निर्देश पर सिवनी में खाद्य प्रतिष्ठानों का लगातार औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इडली, सांभर और आलू की सब्जी के सैंपल ले गए इसी क्रम में जांच दल ने लखनादौन स्थित गजराज होटल का औचक निरीक्षण किया। यहां से इडली, सांभर और आलू की सब्जी के नमूने गुणवत्ता जांच के लिए लिए गए। किचन में खाद्य सामग्री अस्वच्छ परिस्थितियों में पाई गई, साथ ही साफ-सफाई की कमी और कॉकरोच भी मिले। प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस निलंबित, इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी इन अनियमितताओं के कारण प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। फूड बिजनेसमैन को खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 की धारा 32 के तहत इम्प्रूवमेंट नोटिस भी जारी किया गया है। मिडवे ट्रीट लखनादौन से छोले की सब्जी, होटल गुप्ता जी रेस्टोरेंट से पनीर और नमक, केसरवानी होटल से पनीर और पके हुए चावल के नमूने लिए गए। ग्राम बोरिकला स्थित एक किराना दुकान से शक्कर, साबूदाना, चाय और विनय किराना से मेथी, मैदा, बेसन के नमूने भी जांच के लिए एकत्र किए गए। अरी स्थित फ्रेंड्स किराना स्टोर से मिर्च पाउडर और चाय के नमूने भी गुणवत्ता जांच के लिए लिए गए हैं।


