अजमेर के बिजनेसमैन को धमकी देते हुए 2 करोड़ रुपए मांगे गए हैं। बदमाश ने बाकायदा वॉट्सऐप मैसेज कर यह डिमांड की है। उसने लिखा है- फोन कॉल नहीं करेंगे, सीधा आपके सीने में गोली मारेंगे। माधवद्वार कॉलोनी के रहने वाले बिजनेसमैन ने मंगलवार की शाम को आदर्श नगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। आदर्श नगर थाना पुलिस के अनुसार, बिजनेसमैन यशवंत शर्मा (58) ने रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट में उन्होंने बताया है- माखुपुरा औद्योगिक क्षेत्र में मेरी श्री भगवती मशीन के नाम से कंपनी है। 29 नवंबर को वॉट्सऐप कॉल आया था। अनजान नंबर होने की वजह से मैंने कॉल रिसीव नहीं किया। बाद में उसी नंबर से वॉट्सऐप मैसेज आया। मैसेज में लिखा- आपके कानों में कोई दिक्कत है
यशवंत शर्मा के अनुसार, मैसेज में लिखा था- यशवंत शर्मा आपको लगता है कि आपके कानों में कोई दिक्कत है। तभी आपको हमारी कॉल की रिंग सुनाई नहीं दे रही है। आपके ऊपर गोली चलाकर आपके कान साफ करने ही पड़ेंगे। इसके बाद दूसरा मैसेज आया। उसमें लिखा था- आपको हमारे बारे में कोई गलतफहमी हो रही है। ठीक है। अब आपको कोई कॉल नहीं करेंगे। सीधा आपके सीने में गोली मारेंगे या फिर आपके परिवार में किसी को गोली मारेंगे। उसके बाद ही आपको फोन करेंगे। 2 करोड़ नहीं दिए तो ऊपर जाने की तैयारी कर लेना
पीड़ित बिजनेसमैन ने बताया- मैसेज में यह भी लिखा कि भगवती मशीन टूल्स से आपने बहुत पैसा कमा लिया है। अब आपसे पैसा कमाने की हमारी बारी आ गई है। मेरे को आपसे दो करोड़ रुपए चाहिए। अगर इसको नजरअंदाज किया तो फिर सीधे ऊपर जाने की तैयारी कर लेना। पुलिस से सुरक्षा देने की मांग
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि इस तरह के कई मैसेज उसके दोनों फोन पर आए और उसे धमकी देकर 2 करोड़ की डिमांड की गई है। इस मैसेज से वह और उसका परिवार डरा हुआ है। बिजनेसमैन ने पुलिस से सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। मॉडर्न मशीनें बनाते हैं
भगवती मशीन कंपनी ग्रेनाइट और मार्बल ब्लॉक्स की प्रोसेसिंग के लिए मशीनें, क्रेन, मटेरियल हैंडलिंग उपकरण, फाइबर लेजर से लैस मशीनें, मेटल फार्मिंग मशीनें, CNC मशीनें बनाती है। 10 से ज्यादा देशों के 100 से ज्यादा शहरों में कंपनी का बिजनेस है। पुलिस कुछ भी बताने से बच रही
उधर, यशवंत शर्मा से इस मामले में बात करने की कोशिश की गई। उन्होंने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। आदर्श नगर थाना प्रभारी छोटू लाल से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अधिकारी लेवल का मामला है। वर्किंग चल रही है, मैं कुछ नहीं कह सकता। 5 महीने पहले फेमस युट्यूबर को मिली थी धमकी
5 महीने पहले अजमेर के आदर्श नगर इलाके में रहने वाले यूट्यूबर दिलराज सिंह को भी धमकी मिली थी। दिलराज सिंह को गैंगस्टर लॉरेंस के नाम से धमकी दी गई थी। दिलराज सिंह सोशल मीडिया पर मिस्टर इंडिया हैकर के नाम से पॉपुलर हैं। उनसे ईमेल के जरिए 80 लाख रुपए बिटकॉइन की डिमांड की गई थी। दिलराज सिंह की ओर से भी आदर्श नगर थाने में मुकदमा दर्ज करवाया गया था। (पढ़ें पूरी खबर…)


