धार जिले के बदनावर में लेबड़-नयागांव फोरलेन की बड़ी चौपाटी पर एक तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार को कुचल दिया। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, उनके शव को फावड़े से समेटकर तिरपाल में बांधकर अस्पताल ले जाया गया। हादसे का सीसीटीवी भी सामने आया है, जिसमें कंटेनर बाइक सवार के ऊपर निकलता हुआ दिखाई दे रहा है। घटना के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया। कंटेनर ने बाइक को कुचला, मौके पर मौत जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम 6:30 बजे मोहनलाल पिता गणपतलाल लछेटा (55) बाइक से बदनावर से कंकराज जा रहे थे। इस दौरान इंदौर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। इसके बाद वह कंटेनर के पहिए के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। देखें हादसे की 3 तस्वीरें… फावड़े से समेटा शव बाइक को काफी दूर तक घसीटने के बाद कंटेनर रुका। इस दौरान शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था, जिसे फावड़े से एकत्रित कर तिरपाल में बांधकर अस्पताल ले जाया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने कंटेनर को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह बाइक को घसीटता रहा। बाइक नंबर से हुई पहचान घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें कंटेनर बाइक सवार के ऊपर निकलता दिखाई दे रहा है। घटना के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान उनके चेहरे और बाइक नंबर (एमपी11जेडएल7393) से हुई। बड़ा बेटा झाबुआ में सब-इंस्पेक्टर मोहनलाल के बड़े बेटे कैलाशचंद्र झाबुआ जिले के राणापुर में पुलिस सब-इंस्पेक्टर हैं, जबकि छोटा पुत्र अमृतलाल खेती-बाड़ी का काम संभालता है। हादसे की जानकारी मिलने पर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के समय समाज में तीन विवाह कार्यक्रम चल रहे थे, इसलिए सामान्य उत्सव का माहौल भी प्रभावित हुआ। शव का पोस्टमॉर्टम गुरुवार सुबह किया जाएगा। बड़नगर-बदनावर रोड पर लगा जाम हादसे के बाद फोरलेन और बड़नगर-बदनावर रोड पर लंबा जाम लग गया। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर शव को सिविल अस्पताल पहुंचाया और कुछ देर बाद आवागमन सुचारु कराया। पुलिस ने कंटेनर जब्त कर लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया है।


