प्रेमिका ने फाेन नहीं उठाया, हाई-वोल्टेज टावर पर चढ़ा युवक:बोला- उसे यहीं बुलाओ; पुलिस ने शादी का आश्वासन देकर मनाया, तीन घंटे बाद नीचे उतरा

शहडोल जिले के देवलौंद थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर प्रेमिका से बातचीत नहीं होने पर एक 18 वर्षीय युवक हाई-वोल्टेज बिजली के टावर पर जा चढ़ा। निमुहा गांव के पास हुई इस घटना से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। युवक की पहचान संतोष साकेत के रूप में हुई है। वह अपनी प्रेमिका के फोन नहीं उठाने और नाराज होने से दुखी था। गुस्से और भावनाओं में बहकर वह सीधा 33 हजार केवी बिजली लाइन वाले ऊंचे टावर पर चढ़ गया। परिजनों के समझाने पर भी संतोष नीचे उतरने को तैयार नहीं था और बार-बार प्रेमिका को बुलाने की जिद कर रहा था। सुरक्षा के लिए बंद कराई लाइन परिवार की सूचना पर देवलौंद थाना प्रभारी सुभाष दुबे टीम के साथ मौके पर पहुंचे। संभावित दुर्घटना को देखते हुए बिजली विभाग से संपर्क कर 33 हजार केवी की लाइन कटवाई गई और टावर के नीचे सुरक्षा जाल लगवाया गया। इसके बाद थाना प्रभारी लगातार संतोष से मोबाइल पर बातचीत करते रहे और उसे शांत करने की कोशिश करते रहे। पुलिस ने शादी का आश्वासन देकर मनाया लगातार समझाने के बावजूद संतोष अपनी बात पर अड़ा रहा। आखिरकार थाना प्रभारी ने उसे भरोसा दिलाया कि यदि वह सुरक्षित नीचे उतर आता है तो उसकी प्रेमिका से मंदिर में उसकी शादी करवा दी जाएगी। इस आश्वासन के बाद संतोष धीरे-धीरे नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ। करीब तीन घंटे चले इस पूरे घटनाक्रम के बाद शाम 6 बजे वह सुरक्षित नीचे आ गया, जिसके बाद पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली। काउंसलिंग के लिए थाने लाए पुलिस युवक को काउंसलिंग के लिए थाने ले गई, ताकि उसे मानसिक रूप से स्थिर किया जा सके और भविष्य में ऐसी खतरनाक हरकत दोबारा न हो। थाना प्रभारी सुभाष दुबे ने बताया कि समय रहते लाइन कटवाने और मौके पर पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया। घटना के दौरान गांव में भारी भीड़ भी जमा हो गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *