मऊगंज जिले की हनुमना तहसील क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए यातायात पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसी क्रम में मंगलवार दोपहर 3 बजे सीएम राइज हायर सेकेंडरी स्कूल, गौरी में विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्रों को बताए सड़क सुरक्षा के नियम कार्यक्रम में यातायात थाना प्रभारी नरेश प्रताप सिंह ने छात्रों को बताया कि तेज रफ्तार, मोबाइल का उपयोग, हेलमेट और सीटबेल्ट न पहनना सड़क हादसों के प्रमुख कारण हैं। उन्होंने समझाया कि सड़क पर की गई छोटी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। सिंह ने बच्चों को यह संदेश दिया कि हेलमेट और सीटबेल्ट जीवन रक्षक उपकरण हैं, इसलिए हमेशा इनका उपयोग करना जरूरी है। छात्रों ने उत्साह से पूछे सवाल जागरूकता कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने भी सक्रियता दिखाते हुए कई सवाल पूछे। इनमें ओवरलोडिंग, गलत ओवरटेकिंग, ट्रैफिक सिग्नल के नियम और पैदल यात्रियों की प्राथमिकता जैसी बातें शामिल थीं। पुलिस टीम ने सभी प्रश्नों के सरल और स्पष्ट उत्तर दिए, ताकि बच्चे सड़क सुरक्षा का महत्व समझ सकें और जिम्मेदार नागरिक बन सकें। हेलमेट पहनने और नियमों का पालन करने की दिलाई शपथ कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं को सामूहिक रूप से हेलमेट पहनने, तेज गति से बचने और यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। यातायात प्रभारी ने कहा कि यदि बच्चे आज से ही सुरक्षित यातायात को अपनी आदत बना लें, तो भविष्य में क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या निश्चित रूप से कम होगी। स्कूल प्रबंधन ने पहल की सराहना की स्कूल प्रबंधन ने यातायात पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से होने चाहिए, ताकि बच्चों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता लगातार बढ़ती रहे।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है और नियमों का पालन कर ही दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।


