भगवान अय्यप्पा का दो दिवसीय महोत्सव, धार्मिक अनुष्ठान के साथ समापन आज रांची | सेक्टर-3 के अय्यप्पा मंदिर में शनिवार को दो दिवसीय अय्यप्पा उत्सव की शुरुआत हुई। इन दो दिनों के दौरान कई धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे। महोत्सव के पहले दिन सुबह मंदिर में उषा पूजा, भागवत पारायण के धार्मिक अनुष्ठान हुए। शाम में थलप्पोली और चेंडमेला के साथ शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें समाज की महिलाएं पूजा की थालियां लेकर शामिल हुईं। शोभा यात्रा एचईसी सेक्टर-2 के शिव मंदिर से शुरू हुई और अय्यप्पा मंदिर तक गई। मंदिर में शाम में दीप आराधना, भजन, हरिवंशनम अनुष्ठान हुए। आयोजन समिति के एसएच नाथन ने बताया कि रविवार को सुबह 6.30 बजे महागणपति होमम, उषा पूजा-अर्चना, चेंडमेला, मध्याह्न पूजन और दोपहर 2 बजे से अनदानम कार्यक्रम होगा। उसके बाद भजन दीप आराधना और फिर भजनों का कार्यक्रम होगा। प्रसाद वितरण के साथ महोत्सव का समापन होगा। शोभा यात्रा में समाज की महिलाओं के साथ बच्चे और बच्चियां शामिल हुईं। आयोजन समिति के सुधाकरण पिल्लई, राजा शेखर पिल्लई, एस एच नाथन, के रमेश कुमार, सुकमारान नायर, के जी संजीव, पीके उन्नीथन और समिति की महिला मंडली की देखरेख में आयोजन हुआ।


