आयकर अपीलीय अधिकरण (आईटीएटी) में फैसलों को प्रभावित करने के लिए चल रहे कथित रिश्वत रैकेट में सीबीआई ने बुधवार को पांचवी गिरफ्तारी की है। सीबीआई ने सहायक रजिस्ट्रार एटीआईटी के सहायक रजिस्ट्रार के.सी. मीणा को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें 5 दिसंबर तक सीबीआई रिमांड पर भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार सीबीआई पिछले दो दिनों से उनसे लगातार पूछताछ कर रही थी। पूछताछ में डॉ. एस. सीता लक्ष्मी (न्यायिक सदस्य), एडवोकेट राजेंद्र सिंह सिसोदिया और सदस्य अकाउंटेंट कमलेश राठौड़ के बीच हुए कथित लेनदेन से जुड़े अहम तथ्य सामने आए। सीबीआई का कहना है कि अब तक जुटाए गए इलेक्ट्रॉनिक और दस्तावेजी सबूतों की पुष्टि के लिए उनकी गिरफ्तारी आवश्यक थी। सीबीआई पता लगाने में जुटी है कि किस तरह फैसलों को प्रभावित करने के लिए पैसों का लेनदेन होता था और इसमें कौन-कौन शामिल है। बुधवार को कोर्ट में पेशी के दौरान सीबीआई की ओर से सीनियर पीपी एससी मीणा व राहुल अग्रवाल ने कहा कि अब तक गिरफ्तार हुए चारों आरोपियों से मिली जानकारी की पुष्टि और केस की कड़ियों को जोड़ने के लिए मीणा से पूछताछ जरूरी है।


