सरेंडर की मियाद खत्म होते ही ऑपरेशन में 12 नक्सली ढेर, तीन जवान भी शहीद

बीजापुर के नेशनल पार्क एरिया में बुधवार को एक बार फिर पुलिस-नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें 12 नक्सली मारे गए। हालांकि दुखद ये है कि 3 जवान शहीद हो गए। शहीदों में डीआरजी के प्रधान आरक्षक मोनू वडाड़ी, आरक्षक दुकारू गोंडे व रमेश सोड़ी शामिल हैं। वहीं बीजापुर डीआरजी के ही आरक्षक सोमदेव यादव समेत दो जवान घायल हो गए। दरअसल, बीजापुर जिले में सक्रिय नक्सलियों की भैरमगढ़ एरिया कमेटी व गंगालूर एरिया कमेटी के नक्सली एक साथ गंगालूर व केशकुतुल के बीच जंगल में अस्थायी ठिकाने पर कैंप किए हुए थे। इस इनपुट पर पुलिस ने नक्सलियों को आत्मसमर्पण करने के लिए सेफ पैसेज देते हुए 2 दिसंबर की रात 12 बजे तक ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया था, लेकिन नक्सलियों को ये रास नहीं आया और उन्होंने मौके को जाया होने दिया। ग्रीन कॉरिडोर की मियाद तक जवानों ने ऑपरेशन भी रोक रखा था। पूरे इलाके को कॉर्डन ऑफ कर चला रहे सर्च ऑपरेशन: पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बताया कि ऑपरेशन अब भी जारी है, इसलिए इसकी विस्तृत जानकारी देना संभव नहीं है। वर्तमान में जारी ऑपरेशन के लिए अतिरिक्त री-इन्फोर्समेंट भेजी जा रही है। फोर्स में पर्याप्त जवान शामिल हैं और पूरे इलाके को कॉर्डन ऑफ कर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। दो एरिया कमेटी के एकसाथ होने की जानकारी पर कार्रवाई भैरमगढ़ एरिया कमेटी व गंगालूर एरिया कमेटी के नक्सलियों की मौजूदगी का इनपुट पुलिस को मिला था। इसी इनपुट पर बीजापुर व दंतेवाड़ा की संयुक्त पार्टी को ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया। 303 राइफल, अन्य ​हथियार व गोला-बारूद बरामद
मुठभेड़ में 7 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। इसके अलावा एसएलआर, 303 राइफल समेत अन्य हथियार व गोला-बारूद भी बरामद किया गया है। बीजापुर एसपी डॉ. जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि बीजापुर-दंतेवाड़ा सीमा पर नक्सलियों के पश्चिम बस्तर डिवीजन इलाके में ऑपरेशन जारी है। मारे गए नक्सलियों की शिनाख्त अब तक नहीं हो पाई है। इधर घायल जवान की हालत खतरे से बाहर है। बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने 12 माओवादियों को न्यूट्रलाइज किया है। इसमें शहीद हुए डीआरजी बीजापुर के प्रधान आरक्षक मोनू वडड़ी, आरक्षक दुकारू गोंडे और आरक्षक रमेश सोड़ी को श्रद्धांजलि। शोक-संतप्त परिवारों को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करें। हमारे वीर जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। -विष्णुदेव साय, मुख्यमंत्री

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *